13 मार्च से बैलेंस खत्म होते ही अपने आप कट जाएगी बिजली, स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था लागू

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 13 मार्च से बिजली उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था पूरी तरह लागू होने जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत यदि किसी उपभोक्ता के स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बैलेंस शून्य हो जाता है, तो बिजली आपूर्ति अपने आप बंद हो जाएगी।
ऊर्जा विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक लगभग 77.10 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से करीब 70.44 लाख मीटर प्रीपेड स्मार्ट मीटर हैं। सरकार का कहना है कि इस प्रणाली का उद्देश्य बिजली उपभोग को पारदर्शी बनाना और बिलिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी करना है।

पावर कॉर्पोरेशन ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 13 मार्च से इस प्रणाली को पूरी तरह लागू किया जाएगा। इसके बाद जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बैलेंस समाप्त हो जाएगा, उनकी बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो सकती है।
स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अपने मोबाइल ऐप या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बैलेंस रिचार्ज कर सकते हैं। जैसे ही रिचार्ज किया जाएगा, बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू हो जाएगी।
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी पर भी नियंत्रण लगेगा और उपभोक्ताओं को अपने बिजली उपयोग की सही जानकारी मिल सकेगी।




