उत्तराखंड

विकासनगर: संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, घर में विवाद के बाद से बंद था फोन

Listen to this News

देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में सोमवार को एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जलालिया के पास जंगल और बगीचे के किनारे एक पेड़ पर युवक का शव डोरी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही डाकपत्थर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान सादिक (25), निवासी रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी पैंट की जेब से मोबाइल फोन मिला, जिसके आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि रविवार शाम घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सादिक घर से निकल गया था। उसी समय से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।

बताया जा रहा है कि सादिक देहरादून में फॉल सीलिंग का काम करता था। परिवार के लोग रात से ही उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को उसका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button