रुद्रपुर में किचन में धमाका: रोटी बनाते वक्त सिलिंडर फटा, दीवार गिरी; मां-बेटे समेत तीन घायल

रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना तेज था कि रसोई की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एसटीएच रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे 30 वर्षीय गोमती देवी घर पर रोटी बना रही थीं। इसी दौरान गर्म तवा गैस सिलिंडर के पाइप पर रख दिया गया, जिससे पाइप लीक होने लगा और कुछ ही देर में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
हादसे में गोमती देवी, उनका 10 वर्षीय बेटा नीरज और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। धमाके की वजह से रसोई की दीवार टूटकर गिर गई और घर का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि ट्रांजिट कैंप इलाके में एक हफ्ते के भीतर सिलिंडर फटने की यह दूसरी घटना है, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रसोई गैस सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



