ऋषिकेश में सेल्फी लेना पड़ा भारी: नोएडा का युवक चीला नहर में बहा, तलाश जारी

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में घूमने आए नोएडा के एक युवक के साथ बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ सेल्फी लेते समय युवक का पैर फिसल गया और वह चीला नहर के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) से तीन दोस्त हरिद्वार-ऋषिकेश घूमने आए थे। इनमें 26 वर्षीय आयुष अपने दोस्तों ऋतिक मिश्रा और श्रुति वत्स के साथ चीला-ऋषिकेश मार्ग पर कुमाऊं सौड़ गुर्जर बस्ती के पास पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि आयुष नहर के किनारे बने पैराफिट को पार कर अंदर की ओर खड़े होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह अचानक फिसलकर तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मणझूला थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। टीम ने देर शाम तक नहर में युवक की तलाश की, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।



