ईरान को हथियार देने वालों पर ट्रंप का बड़ा प्रहार: 50% टैरिफ का एलान, वैश्विक व्यापार में मच सकती है हलचल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सैन्य हथियार और युद्ध सामग्री सप्लाई करने वाले देशों पर बड़ा आर्थिक हमला करते हुए तत्काल प्रभाव से 50 फीसदी टैरिफ लगाने का एलान किया है। ट्रंप ने साफ कहा है कि जो भी देश तेहरान को हथियार देगा, उसके अमेरिका को होने वाले निर्यात पर भारी आयात शुल्क लगाया जाएगा और किसी भी देश को कोई छूट नहीं मिलेगी। यह फैसला अमेरिका-ईरान के बीच हालिया युद्धविराम के तुरंत बाद आया है, जिससे वैश्विक कूटनीति में हलचल तेज हो गई है।
ट्रंप ने इसके साथ ही ईरान में “सफल सत्ता परिवर्तन” का भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत अब ईरान में यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह रोका जाएगा और अमेरिका वहां मौजूद परमाणु ठिकानों के मलबे को साफ करने में मदद करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देशों के बीच प्रतिबंधों में ढील और शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 15 सूत्रीय एजेंडे पर बातचीत भी जारी है।
इस फैसले का असर वैश्विक बाजार और भू-राजनीति पर गहरा पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन, रूस और ईरान के अन्य रक्षा सहयोगी देशों के लिए अब अमेरिका के साथ व्यापार करना मुश्किल हो सकता है। तेल बाजार, रक्षा व्यापार और पश्चिम एशिया की रणनीतिक राजनीति पर इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल दुनिया की नजर इस बात पर है कि किन देशों पर यह 50% टैरिफ सबसे पहले लागू होता है।


