
देहरादून/हरिद्वार: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा 27 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि अभ्यर्थी 11 अप्रैल से अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग सचिव अशोक कुमार पांडेय के मुताबिक, 27 अप्रैल को सामान्य हिंदी और निबंध, 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-1 और 2, 29 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-3 और 4, जबकि 30 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-5 और 6 की परीक्षा होगी। इससे अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए स्पष्ट टाइमलाइन मिल गई है।
इस बीच आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्धारित 5 फरवरी तक मुख्य परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले 41 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए हैं। ऐसे उम्मीदवार अब इस भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं।
उधर, आयोग ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल जज (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 से 24 अप्रैल के बीच हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में आयोजित होगी।



