नैनीताल: चारा लेने गई महिला को वन्यजीव ने बनाया शिकार, भीमताल के सूर्याजाला में दहशत

नैनीताल जिले के भीमताल ब्लॉक के सूर्यागांव के तोक सूर्याजाला में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल जा रही 55 वर्षीय हंसी देवी को घर के पास से ही वन्यजीव उठा ले गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाकर पीछा किया, लेकिन तब तक हमलावर जीव महिला को जंगल की ओर घसीट ले गया। देर शाम करीब आठ बजे महिला का शव जंगल में क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, हंसी देवी शुक्रवार शाम करीब चार बजे घर से कुछ दूरी पर चारा लेने निकली थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे किसी वन्यजीव ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और रातभर ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ गश्त करते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि इलाके में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं, साथ ही ट्रैंकुलाइज के लिए डॉक्टरों की टीम भी बुलाई गई है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि हमला बाघ ने किया या तेंदुए ने। विभाग ने लोगों से अकेले जंगल न जाने और घरों से अकेले बाहर न निकलने की अपील की है।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने वन विभाग को हमलावर वन्यजीव को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने पीड़ित परिवार को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने की मांग उठाई है।
चिंता की बात यह है कि पिछले तीन वर्षों में भीमताल और आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीव हमलों में नौ लोगों की जान जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।



