पिथौरागढ़ में सनसनी: मुनस्यारी की नाबालिग ने जिला अस्पताल में बच्चे को दिया जन्म, युवक पर पॉक्सो केस दर्ज

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मुनस्यारी की एक नाबालिग ने जिला अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक उसे पुणे ले गया। गर्भवती होने पर वह उसे वापस मुनस्यारी छोड़ गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में हुई मुलाकात के बाद दोनों पुणे चले गए थे। अब यह जांच की जा रही है कि दोनों ने वास्तव में शादी की थी या नहीं। परिजनों के विवाह संबंधी दावों के प्रमाण जुटाए जा रहे हैं। लड़की ने बताया कि आठ महीने की गर्भवती होने पर युवक उसे परिजनों के पास छोड़ गया, जिसके बाद प्रसव पीड़ा होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में जांच के दौरान लड़की की उम्र नाबालिग पाई गई, जिसके बाद प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही युवक की उम्र को लेकर भी संशय है, इसलिए उसके स्कूल रिकॉर्ड और शैक्षिक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और जिला अस्पताल में उनकी देखभाल की जा रही है। वहीं यह मामला बाल विवाह, किशोरियों की सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण जैसे गंभीर सवाल भी खड़े कर रहा है।



