दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे: वाहनों की गिनती के लिए बनेगी डाटा विश्लेषण टीम, ट्रैफिक रणनीति होगी तैयार

देहरादून: दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद अब देहरादून शहर में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष डाटा विश्लेषण टीम गठित करने की तैयारी शुरू कर दी है। यह टीम एक्सप्रेसवे से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की संख्या का विस्तृत आकलन करेगी, जिसके आधार पर नई यातायात रणनीति बनाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, टीम एक्सप्रेसवे के मुहाने पर हर घंटे वाहनों की गिनती करेगी। इसमें सामान्य दिनों के साथ-साथ वीकेंड ट्रैफिक, पीक आवर, दिन और रात के अलग-अलग समय का डाटा भी शामिल किया जाएगा। टोल बैरियर से मिलने वाले आंकड़ों को भी इस अध्ययन में जोड़ा जाएगा, ताकि ट्रैफिक के वास्तविक दबाव को समझा जा सके।
यातायात पुलिस का कहना है कि एक सप्ताह तक डाटा संग्रह के बाद हर सप्ताह अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे शहर में जाम की स्थिति को कम किया जा सके। कंट्रोल रूम और डायवर्जन प्वाइंट पर तैनात अधिकारियों को भी यह टीम लगातार अपडेट देती रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत रूट डायवर्जन लागू किया जा सके।
एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह के अनुसार, भारी और हल्के वाहनों का अलग-अलग डाटा तैयार किया जाएगा। इसी के आधार पर भविष्य में भारी वाहनों के शहर में प्रवेश के समय में बदलाव भी किया जा सकता है। यह रणनीति शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारु बनाए रखने में अहम साबित होगी।
इसके अलावा ड्रोन के जरिए लाइव निगरानी भी की जाएगी। ड्रोन फीड के माध्यम से कंट्रोल रूम को रियल टाइम जानकारी मिलेगी, जिसके आधार पर ट्रैफिक रूट, पार्किंग और डायवर्जन की सूचना सोशल मीडिया, एफएम रेडियो और एलईडी बोर्ड्स पर प्रसारित की जाएगी।



