देहरादून: निवेश के नाम पर रिटायर्ड ONGC अधिकारी से 1.87 करोड़ की ठगी, साइबर थाने में केस दर्ज

देहरादून: राजधानी देहरादून में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां ONGC से रिटायर्ड 70 वर्षीय बुजुर्ग से 1.87 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। जालसाजों ने खुद को निवेश सलाहकार बताकर फर्जी मुनाफे का लालच दिया और धीरे-धीरे करोड़ों रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
पीड़ित दिलीप कुमार श्रीवास्तव, निवासी राजेंद्र नगर कौलागढ़ रोड, ने शिकायत में बताया कि 31 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश आया, जिसके बाद खुद को एक प्रतिष्ठित निवेश कंपनी से जुड़ी अधिकारी बताने वाली महिला ने संपर्क किया। महिला ने आकर्षक निवेश योजना और ऊंचे रिटर्न का भरोसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया।
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें एक व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा, जहां शेयर ट्रेडिंग से जुड़े फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट और नकली रिपोर्ट्स दिखाकर भरोसा बढ़ाया गया। बाद में उन्हें एक तथाकथित VIP हाई नेटवर्थ ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाने के लिए प्रेरित किया गया। जालसाजों ने खुद को अधिकृत साबित करने के लिए एक फर्जी SEBI रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया।
शुरुआत में बुजुर्ग ने 49 हजार रुपये निवेश किए, जिसके बाद खाते में दिख रहे नकली मुनाफे से प्रभावित होकर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में 1 करोड़ 17 लाख 64 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा ब्रोकरेज शुल्क के नाम पर 70 लाख रुपये और जमा कराए गए। जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने एक करोड़ रुपये ब्रोकरेज और फिर आयकर के नाम पर और रकम जमा करने का दबाव बनाया।
संदेह होने पर पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में साइबर क्राइम थाना देहरादून में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।



