रुड़की: प्लॉट में खड़ी कार में अचानक लगी भीषण आग, पूरी तरह जलकर राख; इलाके में मची दहशत

देहरादून/रुड़की: रुड़की के कोतवाली क्षेत्र में सोलानी नदी श्मशान घाट के पास एक प्लॉट में खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक कार लगभग पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। समय रहते दमकल टीम के पहुंचने से आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी अतर सिंह राणा ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।



