जनगणना 2027: 24 अप्रैल तक भवनों की स्व-गणना, 25 से घर-घर जाएंगे प्रगणक

देहरादून। उत्तराखंड में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत चल रही भवन स्व-गणना अब अंतिम चरण में है। नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा केवल 24 अप्रैल तक ही उपलब्ध रहेगी, इसके बाद 25 अप्रैल से प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
जनगणना विभाग के अनुसार, स्व-गणना के दौरान यदि किसी व्यक्ति से पिनकोड या लोकेशन से जुड़ी कोई गलती हो गई है, तो प्रगणक घर पर पहुंचकर उसका सुधार कर देंगे।
इस प्रक्रिया में नागरिकों को अपनी दी गई जानकारी का सत्यापन भी कराना होगा। जिन्होंने पहले ही स्व-गणना पूरी कर ली है, उन्हें प्रगणकों को अपनी सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) बतानी होगी, जिससे उनकी जानकारी तुरंत सिस्टम में उपलब्ध हो जाएगी।
जनगणना में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले लोगों को अपनी स्थिति अपनी इच्छा के अनुसार दर्ज कराने की स्वतंत्रता दी गई है। उन्हें विवाहित के रूप में दर्ज कराने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
बताया गया है कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में बड़ी संख्या में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स की तैनाती की गई है, जो घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे।



