केदारनाथ धाम पहुंचे डीएम, यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर लिया फीडबैक
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
देर शाम धाम पहुंचते ही डीएम ने यात्रा से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर पिछले दो दिनों की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पेयजल, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने के लिए कहा गया।
उन्होंने मंदिर परिसर के आसपास ड्रोन उड़ाने पर सख्ती बरतने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या दुष्प्रचार फैलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और सुलभ सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने और शिकायत मिलने पर 10 मिनट के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।



