उत्तराखंड
गंगोत्री धाम में धूमधाम से मनाया गया गंगा जन्मोत्सव, शुरू हुए मां गंगा के शृंगार दर्शन

उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम में गंगा सप्तमी के अवसर पर गंगा जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
ब्रह्म मुहूर्त में मां गंगा के निर्वाण दर्शन के बाद तीर्थ पुरोहितों ने दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक और फल-फूल अर्पित कर विधिवत पूजा की। इसके साथ ही गंगा स्तुति, सहस्रनाम पाठ, गंगा लहरी और श्री सूक्त पाठ के बाद भव्य मंगल आरती संपन्न हुई।
विशेष अवसर पर मां गंगा की मूर्ति का आकर्षक शृंगार किया गया। अब श्रद्धालु दिवाली तक गंगोत्री धाम में मां गंगा के शृंगार दर्शन कर सकेंगे, जिससे तीर्थयात्रियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं मुखबा गांव (मां गंगा का शीतकालीन निवास) में भी दीपदान, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।



