हरिद्वार: टाइगर रिजर्व के मंदिर में मंत्री के बेटे की शादी, फोटो-वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

उत्तराखंड के हरिद्वार में कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यह शादी राजाजी टाइगर रिजर्व के भीतर स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में संपन्न हुई, जिसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शादी से पहले मंदिर परिसर में पंडाल, कुर्सियां, जनरेटर और अन्य सामान ले जाया गया, जबकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में इस तरह के सामान और आयोजनों पर सख्त प्रतिबंध है।
वायरल तस्वीरों के बाद वन विभाग हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, मंदिर समिति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और वन कर्मियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बताया गया कि बाद में अधिकारियों ने कुछ अस्थायी व्यवस्थाएं हटवाईं, जबकि शादी सीमित रूप में संपन्न कराई गई। इस पूरे मामले ने वन नियमों और संरक्षित क्षेत्रों में आयोजनों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



