देश
अमरोहा में तेंदुए का हमला: खेत में काम कर रहे किसान पर झपटा, गंभीर रूप से घायल

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में खेत में काम कर रहे एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मंडी धनौरा क्षेत्र के नाववाला गांव की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, किसान खेत में काम कर रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में किसान बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह तेंदुए को भगाया और किसान की जान बचाई।
घटना के दौरान तेंदुआ भागते समय एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला कर घायल कर गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
घायल किसान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी है।



