मसूरी: माल रोड पर प्रतिबंधित समय में प्रवेश को लेकर पर्यटक-स्थानीयों में मारपीट, मचा हंगामा

उत्तराखंड के मसूरी की माल रोड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रतिबंधित समय में वाहन प्रवेश को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया।
जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चौक के पास दिल्ली से आए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और मौके पर जमकर हंगामा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पर्यटक अपनी गाड़ी को गेट पर खड़ा किए हुए थे, जबकि स्थानीय लोगों ने उन्हें प्रतिबंधित समय में माल रोड पर वाहन न लाने के नियम का पालन करने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया और पूछताछ के लिए कुलड़ी चौकी ले जाया गया।
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए माल रोड पर आवाजाही और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दी गई है और मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



