देहरादून: श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, समर्थ पोर्टल से होंगे आवेदन

देहरादून स्थित श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध परिसरों और कॉलेजों में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बीए, बीएससी, बीकॉम समेत सभी स्नातक प्रथम सेमेस्टर पाठ्यक्रमों में आवेदन किया जा सकता है, जिनके लिए इंटरमीडिएट योग्यता अनिवार्य है। इसके अलावा विभिन्न व्यावसायिक कोर्स के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
प्रवेश के लिए आवेदन समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से करना होगा, जहां अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य है। पंजीकरण शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 मई तय की गई है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।



