सहारनपुर में आवारा कुत्तों का आतंक: बाड़े में घुसकर 110 भेड़ों को मार डाला, लाखों का नुकसान

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के अंबेहटा क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने देर रात भारी तबाही मचा दी। खूंखार कुत्तों ने एक बाड़े में घुसकर 110 भेड़ों को मार डाला, जबकि कई अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना से पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रात के समय कुत्तों के झुंड ने अचानक बाड़े पर हमला कर दिया। हमले के दौरान कई भेड़ों को काटकर मार डाला गया, जबकि कुछ भेड़ें दहशत और भगदड़ में दम तोड़ गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित पशुपालक ने बताया कि मृत भेड़ों की कीमत करीब 15 लाख रुपये से अधिक है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने और पीड़ित पशुपालक को मुआवजा देने की मांग की है।



