सीबीसीआईडी की बड़ी कार्रवाई: सात साल से फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप

उत्तराखंड एसटीएफ और सीबीसीआईडी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी देवेंद्र प्रकाश तिवारी को आगरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर हरिद्वार में निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
जांच के अनुसार, वर्ष 2018 में हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड नामक कंपनी ने लोगों को आरडी और फिक्स डिपॉजिट योजनाओं में निवेश का झांसा देकर बड़ी रकम जमा कराई थी। बाद में कंपनी संचालकों ने कथित तौर पर निवेशकों का पैसा हड़प लिया।
मामले की जांच ईओडब्ल्यू सीआईडी सेक्टर देहरादून द्वारा की जा रही थी। जांच में कंपनी संचालक अनिल कुमार तिवारी और देवेंद्र प्रकाश तिवारी की भूमिका सामने आने के बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस पहले ही अनिल कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि देवेंद्र पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचता रहा। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन आगरा के डौकी क्षेत्र में ट्रेस की गई, जिसके बाद संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी कानपुर के हंसपुरम नौबस्ता क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल मथुरा जिले में रह रहा था। आरोपी को ज्वालापुर कोतवाली लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



