उत्तराखंड में ठंडे मौसम से यूपीसीएल को बड़ी राहत, बिजली की मांग में भारी गिरावट

उत्तराखंड में पिछले एक सप्ताह से जारी ठंडे मौसम और बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) को भी बड़ी राहत मिली है। प्रदेश में बिजली की मांग में करीब एक करोड़ यूनिट तक की गिरावट दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, अप्रैल के अंतिम दिनों में भीषण गर्मी के चलते प्रदेश में बिजली की मांग 5.5 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई थी। मांग के मुकाबले पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होने से यूपीसीएल को कई क्षेत्रों में कटौती करनी पड़ रही थी।
हालांकि मई की शुरुआत से मौसम बदलने और लगातार बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट आई, जिससे बिजली की खपत तेजी से कम हुई। वर्तमान में प्रदेश में बिजली की मांग करीब 4.4 करोड़ यूनिट के आसपास पहुंच गई है और फिलहाल कहीं भी घोषित बिजली कटौती नहीं की जा रही है।
यूपीसीएल अधिकारियों के मुताबिक, राज्य पूल और केंद्रीय पूल से मिलने वाली बिजली के साथ बाजार और पावर बैंकिंग के जरिए भी पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। विभाग का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ता है तो बिजली की मांग दोबारा बढ़ सकती है।
ऊर्जा विभाग ने गर्मियों के पीक सीजन को देखते हुए भविष्य की तैयारियां भी तेज कर दी हैं। यूपीसीएल और यूजेवीएनएल बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) जैसी नई तकनीकों पर काम कर रहे हैं, ताकि मांग बढ़ने की स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित न हो।



