केदारनाथ धाम में संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया: धारदार हथियार और खिलौना बंदूकें बरामद, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में चल रहे सघन सुरक्षा जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद की गईं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई टेंटों और अस्थायी ठहराव स्थलों की नियमित जांच के दौरान की गई। पकड़ा गया व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रायबरेली का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है।
केदारनाथ के सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूछताछ जारी है और संदिग्ध के परिजनों से भी संपर्क किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत धाम क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने उस टेंट संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है जिसने बिना वैध पहचान पत्र के व्यक्ति को ठहराया था। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



