देश

हरिद्वार जा रहे चार दोस्तों की बाइक को वाहन ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत

Listen to this News

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में हरिद्वार जा रहे चार दोस्तों की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा इसराना क्षेत्र में पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर शाहपुर गांव के बस अड्डे के पास रविवार रात हुआ।

मृतकों की पहचान रोहतक जिले के लाखनमाजरा गांव निवासी प्रदीप (30) और रोहित (25) के रूप में हुई है। वहीं संजय और सोहन गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए निकले थे।

पुलिस के अनुसार, रात करीब साढ़े 10 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक सड़क पर गिर गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप और रोहित को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि रोहित अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था और परिवार में अकेला कमाने वाला सदस्य था। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

इसराना थाना पुलिस ने घायल संजय की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button