चालक की सिगरेट से निजी एंबुलेंस में लगी भीषण आग, सड़क पर मची अफरा-तफरी

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक निजी एंबुलेंस में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस चालक द्वारा सिगरेट जलाने के दौरान आग भड़क गई, जिसके बाद देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
घटना कुठौंद थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव के पास जालौन-औरैया मार्ग पर हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक चालक ने पहले शराब पी थी और फिर जैसे ही उसने सिगरेट सुलगाई, वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में एंबुलेंस धू-धू कर जलने लगी।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एंबुलेंस काफी हद तक जल चुकी थी।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक जांच में लापरवाही को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।



