उत्तराखंड

देहरादून में अवैध वसूली के आरोप में आरटीओ सब इंस्पेक्टर निलंबित, लोगों ने बनाया था बंधक

Listen to this News

देहरादून में परिवहन विभाग के एक सब इंस्पेक्टर पर अवैध वसूली के आरोप लगने के बाद बड़ा कार्रवाई हुई है। परिवहन विभाग ने आरटीओ सब इंस्पेक्टर शशिकांत तेंगोवाल को निलंबित कर दिया है। मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, हर्रावाला क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने आरोप लगाया कि सब इंस्पेक्टर लंबे समय से वाहनों से मासिक अवैध वसूली कर रहा था। सोमवार को जब वह कथित तौर पर वसूली के लिए पहुंचा तो स्थानीय लोगों ने उसे एक दुकान के अंदर बंद कर दिया और करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि छोटे वाहनों से दो हजार रुपये प्रति गाड़ी, जबकि बड़े वाहनों से आठ हजार से लेकर 12 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। लोगों का कहना है कि यह सिलसिला पिछले कई वर्षों से चल रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवहन सचिव के निर्देश पर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी सब इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button