उत्तराखंड
देहरादून: चंद्रबनी चौक के पास सैलून में लगी आग, इलाके में अफरातफरी, दमकल ने पाया काबू

देहरादून। राजधानी देहरादून के चंद्रबनी चौक के पास स्थित एक सैलून में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग के कारण सैलून के अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, समय रहते राहत कार्य शुरू होने से किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।



