उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने स्थिति की स्पष्ट

उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि राज्य में सभी पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। कंपनियों ने लोगों से घबराकर अतिरिक्त खरीदारी या स्टॉक न करने की अपील की है।
तेल कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, राज्यभर में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है और कहीं भी किसी प्रकार का संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी।
हाल के दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और पश्चिम एशिया के तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैल रही थीं, जिसके बाद लोगों में चिंता बढ़ गई थी। हालांकि कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक ईंधन और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन और तेल कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए निगरानी भी बढ़ाई गई है।



