गर्मी का कहर: दिल्ली में मई की सबसे गर्म रात, 14 साल का रिकॉर्ड टूटा; कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

देशभर में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जिससे 14 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जिससे रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। वहीं दिन का तापमान भी 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली के अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा है। विदर्भ क्षेत्र के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।
आईएमडी ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।



