मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूर्व केरल सीएम पिनराई विजयन पर ED का एक्शन, 10 ठिकानों पर छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व केरल मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने बुधवार को केरल में 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की, जिनमें विजयन का आवास भी शामिल बताया जा रहा है।
यह कार्रवाई CMRL (Cochin Minerals and Rutile Limited) से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई है। ED की जांच में विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी Exalogic Solutions के साथ हुए कथित भुगतान को लेकर भी जांच चल रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच एजेंसी का आरोप है कि CMRL ने 2018-19 के दौरान बिना सेवाएं प्राप्त किए Exalogic Solutions को लगभग 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। हाल ही में केरल हाईकोर्ट ने इस मामले में ED की जांच पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद एजेंसी ने छापेमारी तेज कर दी।
इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। CPM ने ED की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है, जबकि विपक्ष ने मामले में पारदर्शी जांच की मांग की है। कुछ स्थानों पर ED की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन भी देखने को मिले।



