कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर, मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने इस्तीफे का किया एलान

कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर कैबिनेट सहयोगियों के साथ हुई नाश्ते की बैठक के बाद इस्तीफा देने का फैसला किया। सूत्रों के मुताबिक, वह दोपहर 3 बजे राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
राज्य में पिछले कई दिनों से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज थीं। इस बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और सिद्दरमैया की मुलाकात ने राजनीतिक हलचल और बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश के बाद सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हुई है।
सूत्रों के अनुसार, डीके शिवकुमार को कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, पार्टी नेताओं और समर्थकों के बीच लगातार बैठकों का दौर जारी है।
इस घटनाक्रम के बीच राज्य की राजनीति में नई रणनीति और सत्ता संतुलन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर कांग्रेस हाईकमान और आगामी आधिकारिक फैसले पर टिकी हुई है।



