उत्तराखंड

उत्तरकाशी में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर, बीमार महिला को 11 किमी डंडी-कंडी पर ले जाने को मजबूर ग्रामीण

Listen to this News

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क व्यवस्था की बदहाली की एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। जिले के दूरस्थ सेवा गांव में एक बीमार महिला की हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों को उसे डंडी-कंडी (अस्थायी स्ट्रेचर) के सहारे करीब 11 किलोमीटर पैदल ले जाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ा। इसके बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि गांव तक सड़क संपर्क न होने और एंबुलेंस सुविधा नहीं पहुंच पाने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में महिला को कंधों पर उठाकर पहाड़ी रास्तों से ले जाना पड़ा। इस दौरान महिला दर्द से कराहती रही और ग्रामीण कठिन रास्तों से गुजरते हुए उसे मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी कई गांव सड़क और प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, जिसके कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता।

उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों से इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जहां मरीजों और गर्भवती महिलाओं को कई किलोमीटर तक पैदल या स्ट्रेचर के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ों में स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क कनेक्टिविटी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button