यूपीसीएल ने अफसरों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति पर लगाई रोक, सीधे आवेदन करने वालों पर होगी कार्रवाई

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। निगम प्रबंधन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि बिना अनुमति सीधे प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यूपीसीएल के इस फैसले के बाद विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हलचल बढ़ गई है। निगम प्रबंधन का कहना है कि संगठनात्मक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
आदेश में कहा गया है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी प्रतिनियुक्ति के लिए सीधे किसी अन्य विभाग या संस्था में आवेदन नहीं करेगा। यदि किसी को प्रतिनियुक्ति से संबंधित कोई प्रक्रिया अपनानी है तो उसे निगम मुख्यालय की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन किए जाने के बाद निगम ने यह सख्त फैसला लिया है। इससे विभाग में कर्मचारियों की कमी और कार्य संचालन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी।



