राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से सियासत गरमाई, अग्निवीर भर्ती मुद्दे पर भाजपा को घेरने की तैयारी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस दौरे के जरिए अग्निवीर भर्ती योजना के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। खासतौर पर पौड़ी गढ़वाल समेत सैन्य पृष्ठभूमि वाले क्षेत्रों में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान पूर्व सैनिकों, युवाओं और अग्निवीर भर्ती से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं। कांग्रेस का आरोप है कि अग्निवीर योजना से युवाओं के भविष्य और सेना की पारंपरिक भर्ती व्यवस्था पर असर पड़ा है। पार्टी इस मुद्दे को आगामी चुनावों में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है।
उत्तराखंड को सैनिक बाहुल्य राज्य माना जाता है और यहां बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होने का सपना देखते हैं। ऐसे में कांग्रेस अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं की नाराजगी को राजनीतिक समर्थन में बदलने की कोशिश में जुटी है।
भाजपा की ओर से हालांकि कांग्रेस के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अग्निवीर योजना देश की सुरक्षा और युवाओं को नई अवसर देने की दिशा में बड़ा कदम है।



