देहरादून में दर्दनाक हादसा: बिजली का खंभा लगा रहे पांच लोग करंट से झुलसे, एक की मौत

देहरादून: राजधानी देहरादून में बिजली का खंभा लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली संबंधी कार्य चल रहा था। इसी दौरान खंभा स्थापित करते समय वह बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे पांचों मजदूर करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना ने बिजली संबंधी कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



