उत्तराखंड में मौसम ने बदला मिजाज, देहरादून समेत आठ जिलों में भारी बारिश के आसार

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। प्रशासन ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
भारी बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदियों-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



