लखनऊ अग्निकांड के बाद योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई: कानपुर में फिजिक्स वॉल्लाह समेत 16 कोचिंग सेंटर सील

लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहरभर में विशेष अभियान चलाते हुए फिजिक्स वॉल्लाह सहित 16 कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।
जांच के दौरान पाया गया कि कई संस्थान नक्शे के विपरीत निर्माण, बेसमेंट के गलत उपयोग और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे थे। इसके अलावा, 22 अन्य कोचिंग और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर चिन्हित किया गया है, जिनके खिलाफ आगे कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि शहर में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की जाएगी। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संस्थान में अग्नि सुरक्षा और भवन मानकों की अनदेखी न हो।
लखनऊ अग्निकांड के बाद शुरू हुई यह कार्रवाई राज्यभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है और आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी इसी तरह की जांच और कार्रवाई तेज होने की संभावना है।



