हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: जमीन की रजिस्ट्री के 24 घंटे के भीतर होगा इंतकाल, पटवारी के चक्कर से मिलेगी मुक्ति

हरियाणा सरकार ने जमीन, मकान, प्लॉट और दुकानों की खरीद-बिक्री प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब संपत्ति की रजिस्ट्री होने के बाद 24 घंटे के भीतर इंतकाल (म्यूटेशन) की प्रक्रिया स्वतः पूरी हो जाएगी। इसके लिए लोगों को अलग से आवेदन करने या पटवारी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सरकार ने राज्यभर में ऑनलाइन ऑटो-म्यूटेशन सिस्टम लागू करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था में रजिस्ट्री और राजस्व रिकॉर्ड आपस में सीधे जुड़े होंगे, जिससे संपत्ति का स्वामित्व रिकॉर्ड स्वतः अपडेट हो जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाना है।
अधिकारियों के अनुसार, इस प्रणाली से लाखों संपत्ति मालिकों का समय बचेगा, भ्रष्टाचार की संभावनाएं कम होंगी और भूमि विवादों में भी कमी आने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि यह सुधार नागरिकों को सरल, त्वरित और परेशानी मुक्त राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



