निहंगों के कूच से दून में तनाव: हाई अलर्ट पर पुलिस महकमा, देर रात सड़कों पर उतरे डीएम-एसएसपी

देहरादून: निहंग सिखों के उत्तराखंड कूच की घोषणा के बाद राजधानी देहरादून में गुरुवार देर रात सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर रही। शहर के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
जानकारी के अनुसार, पंजाब से निहंग सिखों के जत्थे के देहरादून पहुंचने की आशंका के चलते पुलिस ने शहर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। प्रेमनगर, आईएसबीटी, क्लेमेंटटाउन, सहस्रधारा रोड और सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की गई ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
देर रात जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस कंट्रोल रूम से भी पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जाती रही।
गौरतलब है कि यह पूरा मामला 16 जून को चमोली के कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद शुरू हुआ था। इस घटना में चार निहंग सिखों की गिरफ्तारी के विरोध में पहले रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में गतिरोध हुआ और अब विरोध प्रदर्शन देहरादून तक पहुंच गया है।
प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को देखते हुए किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



