उत्तराखंड

पौड़ी में गुलदार का आतंक: घास लेने गई महिला पर घात लगाकर हमला, मौके पर मौत से गांव में दहशत

Listen to this News

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना नैनीडांडा विकासखंड की पट्टी बिजलौट स्थित ग्राम सभा बणासी तल्ली की है, जहां शनिवार सुबह घास काटने गई महिला पर घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह शांति देवी और सुशीला देवी गांव के ऊपरी हिस्से में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्र पंचायत प्रमुख भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button