हरिद्वार: बजट जारी होने के बाद भी 20 हजार बुजुर्गों को नहीं मिली पेंशन, तीन महीने से बैंक के चक्कर

हरिद्वार: हरिद्वार जिले में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत करीब 20 हजार बुजुर्गों को बजट जारी होने के बावजूद अब तक पेंशन की राशि नहीं मिल सकी है। पिछले तीन महीनों से लाभार्थी अपने खातों में राशि आने का इंतजार कर रहे हैं और लगातार बैंकों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, जिले में समाज कल्याण विभाग के माध्यम से करीब 1.19 लाख बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है। इनमें 20,427 बीपीएल श्रेणी के लाभार्थियों की पेंशन केंद्र सरकार से मिलने वाले बजट पर निर्भर है। अप्रैल और मई की पेंशन के लिए बजट में देरी हुई थी, लेकिन करीब दो सप्ताह पहले बजट जारी होने के बावजूद राशि अब तक लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि बजट मिलने के बाद भी विभागीय स्तर पर लापरवाही के कारण भुगतान प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इससे हजारों बुजुर्गों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लाभार्थी रोजाना बैंक पहुंच रहे हैं, लेकिन खाते में राशि न आने से निराश लौट रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजय कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा है कि यह पता लगाया जाएगा कि बजट जारी होने के बाद भी पेंशन लाभार्थियों के खातों में क्यों नहीं पहुंची। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर सभी पात्र बुजुर्गों के खातों में पेंशन की राशि भेजी जाएगी।



