केदारनाथ पैदल मार्ग पर मुनकटिया के पास फिर गिरने लगे पत्थर, यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। गुरुवार को मुनकटिया क्षेत्र के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर तैनात हैं। मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति सामान्य होने और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी।
इस दौरान यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और प्रशासन की ओर से सभी से धैर्य बनाए रखने तथा केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।



