टिहरी में लगातार बारिश से उफान पर नदी-नाले, नैलचामी नदी का जलस्तर बढ़ा; प्रशासन अलर्ट मोड पर

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते टिहरी जिले में नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। विशेष रूप से नैलचामी नदी के उफान पर आने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही स्थानीय लोगों और यात्रियों को उफनती नदियों, गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की टीमें तैयार रखी गई हैं।
मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जलस्तर और बढ़ता है तो आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा और राहत उपाय लागू किए जाएंगे।



