बदरीनाथ धाम के गर्भगृह में वीडियो बनाते पकड़ा गया मुंबई का श्रद्धालु, पुलिस ने किया चालान

चमोली। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में मंदिर के गर्भगृह के भीतर मोबाइल से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। प्रतिबंध के बावजूद एक श्रद्धालु द्वारा गर्भगृह में वीडियो रिकॉर्ड किए जाने के बाद मंदिर प्रशासन और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, मुंबई से आए एक श्रद्धालु ने दर्शन के दौरान गर्भगृह के अंदर मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों की नजर पड़ते ही उसे रोक लिया गया और मौके पर ही पूछताछ की गई।
मामले की सूचना बदरीनाथ मंदिर प्रशासन और पुलिस को दी गई। इसके बाद संबंधित श्रद्धालु का पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंदिर के गर्भगृह के भीतर मोबाइल फोन से फोटो या वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर की परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं का सम्मान करें। दर्शन के दौरान मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें, ताकि धार्मिक स्थल की पवित्रता और सुरक्षा बनी रहे।



