उत्तराखंड

यमुनोत्री हाईवे पर बढ़ा खतरा: 100 मीटर सड़क धंसी, भूस्खलन से आवाजाही बनी चुनौती

Listen to this News

उत्तरकाशी। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। स्यानाचट्टी के पास करीब 100 मीटर सड़क का हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही चुनौतीपूर्ण बन गई है।

जानकारी के अनुसार, हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान हुए कटान और लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और बोल्डर लगातार सड़क पर गिर रहे हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा कमजोर हो गया है और कई स्थानों पर धंसाव की स्थिति पैदा हो गई है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बेहद सावधानी से कराई जा रही है।

राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की टीम और संबंधित एजेंसियां मौके पर मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने में जुटी हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही स्थायी समाधान की दिशा में तेजी से काम किया जा सकेगा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया, जिसके चलते स्यानाचट्टी क्षेत्र बार-बार भूस्खलन की चपेट में आ रहा है। उनका कहना है कि हल्की बारिश में भी मलबा सड़क पर आने से चारधाम यात्रा और स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button