देहरादून में 11 जुलाई से शुरू होगा पांच दिवसीय ‘लोक संवर्धन पर्व’, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे उद्घाटन

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 11 जुलाई से पांच दिवसीय लोक संवर्धन पर्व का शुभारंभ होने जा रहा है। इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। 11 से 15 जुलाई तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव प्रदेशवासियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, हस्तकरघा, व्यंजन और लोक कलाओं से रूबरू कराएगा।
यह आयोजन देहरादून के परेड ग्राउंड में होगा, जहां देश के विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकार, कलाकार और उद्यमी अपने उत्पादों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव का उद्देश्य पारंपरिक कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ कारीगरों एवं स्वयं सहायता समूहों को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजन के दौरान सांस्कृतिक संध्याओं, लोक संगीत, लोक नृत्य, पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। आम लोगों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बन सकें।



