बदरीनाथ धाम चढ़ावा गड़बड़ी मामला: जांच के लिए मंदिर पहुंचे गढ़वाल आयुक्त, मौके पर जांच की तेज हुई प्रक्रिया

चमोली/बदरीनाथ: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच अब और तेज हो गई है। मामले की गहन पड़ताल के लिए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप बदरीनाथ धाम पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर जांच से जुड़े अधिकारियों से जानकारी ली। सरकार द्वारा गठित जांच समिति और विशेष जांच दल (SIT) पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रहे हैं।
गढ़वाल आयुक्त ने मंदिर प्रशासन, श्री बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अधिकारियों और जांच टीम के साथ बैठक कर अब तक की जांच की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान चढ़ावे की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और रिकॉर्ड से संबंधित दस्तावेजों की भी जानकारी ली गई। जांच एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों और संबंधित कर्मचारियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान मंदिर परिसर में उपलब्ध साक्ष्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में पहले ही एक निलंबित बीकेटीसी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। इसके बाद राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की थी, जबकि एसआईटी भी समानांतर रूप से मामले की जांच कर रही है। अब गढ़वाल आयुक्त के मौके पर पहुंचने से जांच प्रक्रिया को और गति मिलने की उम्मीद है।



