रुद्रप्रयाग: मंदतौली संगम के पास नदी में बहे व्यक्ति की तलाश जारी, तीसरे दिन भी नहीं मिला सुराग

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के गौंडार क्षेत्र स्थित मंदतौली संगम के पास नदी में बह गए एक व्यक्ति की तलाश लगातार जारी है। घटना के बाद से जिला प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियां संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक लापता व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई की शाम करीब 7:52 बजे गौंडार के ग्राम प्रधान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दी कि मंदतौली संगम के समीप एक व्यक्ति नदी के तेज बहाव में बह गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
घटनास्थल पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से देर रात तक तलाश की गई, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण अभियान प्रभावित रहा। अगले दिन मौसम में सुधार होने पर टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में दोबारा सघन खोज अभियान चलाया, फिर भी कोई सफलता नहीं मिली।
जिला प्रशासन ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ लगातार अभियान चला रही हैं। नदी के तेज बहाव और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खोज अभियान जारी है।



