अग्निवीरों के लिए बड़ा फैसला: उत्तराखंड में बनेगा देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’, हर अग्निवीर को मिलेगा रोजगार का अवसर

उत्तराखंड सरकार ने अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि राज्य में देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ स्थापित किया जाएगा। यह विशेष सेल अग्निवीरों को सेवा अवधि पूरी होने के बाद रोजगार, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है और देश की रक्षा में योगदान देने वाले अग्निवीरों का सम्मान एवं पुनर्वास सरकार की प्राथमिकता है। रोजगार सेल सरकारी विभागों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समन्वय करेगा। इसके अलावा युवाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, अग्निवीरों को कौशल प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग और रोजगार से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्य सरकार पहले ही पूर्व अग्निवीरों के लिए राज्य की कुछ सेवाओं में आरक्षण जैसी सुविधाओं की घोषणा कर चुकी है। अब रोजगार सेल के गठन से उनकी नागरिक जीवन में सहज वापसी और रोजगार सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अग्निवीर सेवा पूरी करने के बाद रोजगार के अवसरों से वंचित न रहे। इस पहल को देश में अपनी तरह का पहला मॉडल बताया जा रहा है, जिससे अन्य राज्यों को भी प्रेरणा मिल सकती है।



