उत्तराखंड

हरिद्वार: कलियर-धनौरी मार्ग पर बड़ा हादसा, चलती बाइक पर गिरा पेड़ का विशाल टहना, दो युवक गंभीर घायल

Listen to this News

हरिद्वार: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच हरिद्वार के कलियर-धनौरी मार्ग पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर चल रही एक मोटरसाइकिल पर अचानक पेड़ का विशाल टहना गिर गया, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, माधोपुर निवासी अनस और सोनू मोटरसाइकिल से कलियर की ओर से धनौरी जा रहे थे। जैसे ही वे धनौरी में दो सड़कों के पास पहुंचे, अचानक एक बड़े पेड़ का भारी टहना टूटकर सीधे उनकी बाइक पर आ गिरा। टहने के वजन से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने कलियर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद सड़क पर गिरे विशाल टहने के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पेड़ की शाखा हटाकर मार्ग को फिर से सुचारु कराया।

लगातार हो रही बारिश के कारण पेड़ों की शाखाएं कमजोर होने और टूटने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने और तेज हवा व बारिश के समय पेड़ों के नीचे रुकने से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button