उत्तराखंड

मसूरी-देहरादून मार्ग पर बढ़ा भूस्खलन का खतरा, कोल्हूखेत के पास सड़क धंसने से बढ़ी चिंता

Listen to this News

देहरादून/मसूरी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। कोल्हूखेत स्थित पानीवाला बैंड के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया है, जिससे मार्ग पर सफर करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। सड़क पर बड़ी दरारें पड़ने के बावजूद फिलहाल यातायात जारी है, लेकिन कभी भी बड़ा हिस्सा धंसने की आशंका बनी हुई है।

लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। ऐसे में वाहन चालकों को इस मार्ग पर बेहद सावधानी के साथ सफर करना पड़ रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो सड़क को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है, जिससे मसूरी और देहरादून के बीच यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की अपील की है।

मानसून के दौरान मसूरी-देहरादून मार्ग पहले भी कई बार भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाओं का सामना कर चुका है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button